मारवाड़ी समाज के पुरोधा पुरुषः
मोहनलाल जालान
नागेन्द्र शर्मा
असम के राजनैतिक क्षेत्र मे मारवाड़ी समाज की सहभागिता
के संदर्भ मे स्व राधाकृष्ण खेमका और स्व. हीरालाल पटवारी के बाद जिसका नाम
आता है वह है गोलाघाट निवासी व चाय उद्योगपति श्री मोहन लाल जालान जिन्होने
राजनैतिक क्षेत्र मे अपना दबदबा तो बनाये रक्खा लेकिन अपने स्वाभिमानी स्वभाव व
निस्वार्थ सेवाभावी प्रकृति के कारण जनता के खिलाफ जाने वाली किसी राजनैतिक चाल के
सहभागी होना कभी स्वीकार नहीं किया। यही कारण है कि एक प्रभावी ब्यक्तित्व के धनी
होने के बावजूद भी सांसद और विधायक के रुप मे जनता की सेवा करने का उन्हे अवसर
नहीं मिला। ऐसा माना जाता है कि सांसद या विधायक बनने का उन्हे मौका मिलता तो वे
आज के मौका परस्त नेताओं की जमात मे शामिल
न हो कर आम जनता के हक मे सदैव संघर्ष करते रहते।
भारतीय शास्त्रों और महान
ऋषि मुनियों मतादर्शों के अनुसार मानव चार वर्णो मे विभाजित किया गया हैः
ब्रम्हचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्त और सन्यास आश्रम। प्राचीनकाल मे इन पर अमल किया
जाता होगा। लेकिन आज के युग मे वानप्रस्थ तक तो इस ब्यवस्था का निर्वाह हो सकता है
लेकिन सन्यास आश्रम तक की सीमा मे प्रवेश करने की प्रवृति आज के मानव मे नहीं रही।
श्री जालान के जीवन मे भी ऐसी कोई झलक नहीं मिलती। वे आज भी ऱाजनैतिक रुप से
सक्रीय रहना चाहते है। लेकिन प्रथम तो उम्र के अस्सी के पड़ाव पर पहूंचने के कारण
व दूसरे आज की दुषित राजनीति उन्हे रास न आने के चलते वे सुरक्षित दूरी बना कर
चलना अधिक पसंद करते हैं। चूंकि इनके पिता
स्व. गजानन जालान एमएलसी (1939-1946) रह कर राज्य
की राजनीति मे लगातार सक्रिय रहे इसलिए श्री मोहन जालान को राजनीति विरासत
मे मिली है। अतः यदाकदा इनका राजनैतिक स्वभाव करवट लेता भी है लेकिन आज की राजनैतिक
कुटिलता और वाद-विवाद को परिलक्षित कर बड़ी चतुराई के साथ दूर हो जाते हैं।
गोलाघाट देवराज महाविद्यालय से स्नातक होने का बाद श्री जालान ने एम.ए. और
वकालत पढ़ने के लिए दीखिला लिया ही था कि पारिवारिक एक आकस्मिक घटना के चलते अपने
उच्चस्तरीय अध्ययन का उन्हे परित्याग करना पड़ा। इस बीच श्री जालान की तरुणाई अपने
चरम पर थी। इस चरममुखी तरुणाई को सक्रिय राजनीति ने आकर्षित किया और 1967 मे
प्रादेशिक यूवा कांग्रेस मे शामिल हो कर अपने कर्तब्यों का कुशलता पूर्वक निर्वाह किया।
पण्डित नेहरु के समय कांग्रेस मे जो अनुशासन था, वह उनके निधन के बाद
बिखरने लगा। कई सदस्य स्वयं को पार्टी से बड़ा समझते थे। कुछ लोगों का मानना है कि
मोरारजी देसाई भी उनमे से एक थे। उस वक्त समय समय पर कांग्रेस संगठन के साथ उनके
मतभेद सामने आने लगे थे और देश का प्रधान मंत्री बनना उनकी प्राथमिकताओं मे शामिल
था। इंदिरा गांधी को जब यह आभास होने लगा कि देसाई उनके लिए कठिनाइयाँ पैदा कर
रहें हैं तो उन्होने संगठन मे देसाई के सांगठनिक कद को छोटा करना शुरु कर दिया।
परिणाम स्वरुप नवम्बर 1969 मे संगठन का विभाजन कांग्रेस (आई) कांग्रेस (ओ) के रुप
मे हो गया। मोरारजी ने इंदिरा गांधी का साथ छोड़ कर कांग्रेस (ओ) मे शामिल हो गये।
आगे चल कर श्री जालान भी कांग्रेस (ओ) की
सदस्यता ग्रहण कर प्रादेशिक स्तर पर दल को शक्तिशाली बनाने के कार्य मे जुट
गये। उन्होने दल विभाजन के बाद प्रदेश कांग्रेस कमीटी
के प्रमुख सचिव के रुप मे दलीय कार्य का निर्वाह किया और कालांतर मे निखिल
कांग्रेस कमीटी के सदस्य के रुप मे उनको मनोनीत किया गया। श्री जालान के जीवन पर वालीउल
हसनात चौधरी द्वारा लिखित और गोलाघाट एमेचर थियटर सोसाइटी द्वारा प्रकाशित एक
पुस्तक ‘समाजप्राण मोहनलाल जालान’ मे उल्लेखित तथ्यों के अनुसार जब राष्ट्रीय स्तर पर
सांगठनिक कांग्रेस का जनता पार्टी मे विलय हो गया तो स्वाभाविक है कि श्री जालान ने
भी जनता पार्टी को तन,मन और धन से सहयोग दिया। 1978 मे जनता पार्टी के एक
प्रत्याशी के रुप मे गोलाघाट जिले की सरुपथार विधान सभा सीट के लिए चुनाव मे उतरे।
लेकिन दुर्भाग्यवश केवल और केवल 631 मतो से चुनाव हार गये। लेकिन इस अस्वाभाविक हार
से श्री जालान हताश नहीं हुए और पहले से कहीं अधिक राजनैतिक जीवन के साथ अपने आपको
ओतप्रोत कर लिया। उनके राजनैतिक जीवन के साथियों मे गोलाप बरबरा, सोनेश्वर बरा,
रेनुकादेवी बरकोटोकी, नगेन शर्मा, तारीनी बरुआ, शांति दास, रवीन चौधरी, पदूम
चौहान, आलटाफ हुसैन मजुमदार, आफजालूर रहमान, चान्द मुहम्मद, चिलियस कन्दपान,
मोजामिल अलि और केशव गगै आदि प्रमुख थे। तत्कालीन राजनीति मे श्री जालान का अपना
एक स्थान और महत्व था। श्री जालान ने राजनीति मे धनबल अथवा खुशामदगिरी से अपना
स्थान नहीं बनाया वल्कि अपनी राजनैतिक दूरदर्शिता और प्रतिभा के आधार पर राज्य की
राजनीति मे अपने आपको स्थापित किया। श्री जालान कोई सांसद अथवा विधायक न बन पाये
हों लेकिन उनका निवास स्थान स्थानीय व राज्यस्तरीय राजनीतिज्ञों का सलाहगार सदैव
बना रहा और आज भी लगभग वही स्थिति है।
साहस के प्रतिरुप श्री जालानः-
“I shot dead
my people for the security of the people of your community, what else you
want.” यह मंतब्य है असम के एक मुख्य मंत्री का जो
मारवाड़ी समाज के एक प्रतिनिधि मंडल के सामने असम की तत्कालीन राजधानी शिलोंग
स्थित राजभवन मे ब्यक्त किया था। यह वाकया काफी पुराना हो सकता है। लेकिन यह वाकया
श्री जालान के साहस को प्रतिबिम्बत करता है। शिवसागर मे मारवाड़ी समाज के लोगों पर
निर्मम अत्याचार किये गये, दुकाने लूट ली गई और बड़े भारी पैमाने पर आगजनी, लूटपाट
और मारपीट की वारदातें हुई। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर काबू पाने मे असमर्थ हो गया
तो मारवाड़ी समाज का एक प्रतिनिधि मंडल तत्कालीन मुख्य मंत्री को एक स्मारक पत्र
दे कर समाज की सुरक्षा की मांग की। मारवाड़ी समाज के इस प्रतिनिधि मंडल मे श्री
जालान के अतिरिक्त स्व. गणपतरायजी धानुका, स्व. भंवरमल सरावगी, स्व. सांवरमल खेमका
और स्व. भाष्कर शर्मा सहित राज्य के मारवाड़ी समाज कई गणमान्य ब्यक्ति शामिल थे।
मेमोरेण्डम पढ़ते ही मुख्य मंत्री गुस्से
से तमतमा उठे और मेमोरेण्डम को टेबल पर फेंकते हुए उल्लेखित मंतब्य दे डाला।
प्रतिनिधि मंडल के सदस्य सकते मे आ गये और काटो तो खून नहीं। लेकिन युवा खून और
समाज के लिए कुछ भी कर गुजरने के जोश से ओतप्रओत श्री जालान मुख्यमंत्री के मंतब्य को सहन नहीं कर पाये और
जिस मूड मे मुख्य मंत्री ने मंतब्य दिया उसी लहजे उत्तर दिया--- आप सिर्फ असमीया
के नहीं बल्कि असम राज्य के मुख्य मंत्री हैं। यदि आपकी सोच इतनी संकीर्ण है तो
ऐसे मुख्य मंत्री से हम सुरक्षा की आशा भी
नहीं करते, यहां से दिल्ली दूर नहीं है। ऐसा कह कर श्री जालान वहां से अपने
होटल चले आये। इस वाकये का विवरण देते हुए श्री जालान ने इस लेखक को बतलाया कि
अन्ततः मुख्य मंत्री को अपनी गलती का अहसास हुआ और अपने पी.ए. को होटल भेज कर श्री
जालान को बुलाया और अपने मंतब्य पर खेद ब्यक्त करते हुए प्रतिनिधि मंडल की बातों को ध्यान से सुन कर दंगाइयों के खिलाफ
सख्त कार्रवाई करने और स्थिति पर तत्काल काबू पाने के लिए निर्देश जारी किये। यहां
यह उल्लेख करना जरूरी है कि उस समय की स्थिति और आज की स्थिति मे काफी बदलाव आ
चुका है। आज की राजनैतिक परिस्थिति मे एक मुख्य मंत्री के सामने ऐसा दुस्साहस करना
कठिन ही नहीं बल्कि नामुमकीन है। जोश मे आ कर कोई कर भी ले तो उसे तत्काल
साम्प्रदायिक रूप दे दिया जायेगा। आज के राजनैतिक
नेताओं मे वैसी सहष्णुता नहीं जैसी
तत्कालीन राज नेताओं मे थी। लेकिन फिर भी श्री जालान ने जो साहस दिखलाया उसकी
तारीफ करनी होगी। उस प्रतिनिधि मंडल मे अन्य सदस्य भी तो शामिल थे। उनमे किसी ने
भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी नाराजगी उस रुप मे ब्यक्त नहीं की जिस रुप मे श्री
जालान ने की थी।
सामाजिक
योगदानः- सन् 1973 तक पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी
सम्मेलन मृतप्राय तो नहीं पर सुसुप्त अवस्था मे था। उस वर्ष नगांव अधिवेशन मे श्री
जालान को अध्यक्ष, स्व. बिहारीलाल लोहिया को प्रधान सचिव व श्री नागेन्द्र शर्मा
को संयुक्त सचिव का दायित्व सौंपा गया। श्री जालान ने अपने सहयोगियों के साथ
पूर्वोत्तर के सभी राज्यों का दौरा कर कुल 126 शाखाओं का गठन कर समाज को जाग्रत
किया। उस समय सम्मेलन को सशक्त बनाने मे मूलचंद अग्रवाल, राधाकृष्ण अग्रवाल,
राधाकृष्ण खेमका, महाबीर प्रसाद तुलसियान, गोपालचंद लोहिया, भगवानदास खेमका,
ज्योतिप्रसाद खदरिया गनपतराय धानुका, गिरधारी सराफ देवीदत्त धानुका, श्यामसुन्दर
हरलालका और जगन्नाथ बावरी सहित समाज के अनेक गणमान्य ब्यक्तियों के सक्रीय सहयोग
को श्री जालान आज भी स्मरण करते हैं। गोलाघाट के मारवाड़ी समाज का भी उन्हे पूरा
सहयोग मिलता रहा। खासकर स्व. जयदेव खंडेलवाल, स्व. पूसराज बाकलीवाल, गौरीशंकर
बिन्नानी और विजय कुमार तोदी, मदनलाल खेतान और स्व. शंकरलाल बावरी सहित अन्यान्य बहुत
से लोगों ने अपना यथा साध्य सहयोग दिया।
गोलाघाट मे स्थानीय
सार्वजनिक संस्थाओं श्री जालान का महत् योगदान रहा। फरकाटिंग गजानन जालान बालिका
विद्याल, कुशल कुंवर अस्पताल मे मातृमंगल विभाग, टाउन हिन्दी हाईस्कूल भवन,
गोलाघाट जिले मे देश पर न्यौछावर होने वालो स्मृति शहूद स्तम्भ का निर्माण नॉर्थ
इस्टर्न टी एशोसियशन की स्तापना और गजानन जालान सेवा सदन निर्माण के लिए एक
विस्तार भूमि का दान इत्यदि कुछ नाम है जो श्री जालान की दानशीलता और इनके सामाजिक
दायित्वबोध को ब्यक्त करते रहेंगे। इस प्रकार जालान का जीवन एक ऐसा संस्थान है जिससे
आज की पीढ़ी प्रेरणा ले सकती है।
समाप्त

No comments:
Post a Comment